
‘द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल’ जैसी फिल्म बना चुके निर्देशक सनोज मिश्रा इस साल 2025 की शुरुआत में अपनी फिल्म से ज्यादा मध्य प्रदेश की मोनालिसा को लेकर चर्चा में रहे। महाकुंभ 2025 में ‘वायरल गर्ल’ के नाम से फेमस हुई मोनालिसा को उन्होंने अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ऑफर दिया है, जिससे वह सुर्खियों में आए। अब वह एक बड़े विवाद में घिर गए हैं, क्योंकि उन पर एक युवती को हीरोइन बनाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।
दिल्ली पुलिस ने सनोज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी जमानत याचिका दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद यह कार्रवाई हुई है पीड़िता का आरोप है कि निर्देशक ने चार साल तक उसका शारीरिक शोषण किया और शादी का झांसा देकर कई बार संबंध बनाए।
चार साल तक शारीरिक शोषण और जबरन गर्भपात का आरोप
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 6 मार्च 2024 को निर्देशक के खिलाफ बलात्कार, मारपीट, जबरन गर्भपात कराने और धमकी देने जैसी कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद 30 मार्च को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर उन्हें नबी करीम पुलिस स्टेशन में रखा गया। 28 वर्षीय पीड़िता का दावा है कि वह फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहती थी और मुंबई में सनोज मिश्रा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। इस दौरान निर्देशक ने न सिर्फ उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि तीन बार जबरन गर्भपात भी कराया।
पहले शादी का वादा, फिर इंकार
पीड़िता ने बताया कि पहले सनोज ने शादी का वादा करके उसके साथ संबंध बनाए। फिर फिल्मों में काम दिलाने और बदनाम करने की धमकी देकर चुप रहने पर मजबूर किया। बाद में वह शादी के वादे से भी मुकर गए। हालांकि, कुछ समय बाद पीड़िता ने अपना बयान बदलते हुए कार्रवाई न करने की मांग की थी।
फरवरी 2025 में फिर किया दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की धमकी
अब जिस मामले में निर्देशक को गिरफ्तार किया गया है, वह 18 फरवरी 2025 का है। पीड़िता का आरोप है कि इस साल सनोज ने फिर उससे मुलाकात की और नई दिल्ली के नबी करीम स्थित ‘होटल शिवा’ में ले गए। यहां उन्होंने फिर से दुष्कर्म किया और उसे छोड़ दिया। इसके बाद महिला को धमकी दी गई कि अगर उसने शिकायत दर्ज कराई, तो उसके अश्लील वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी। इस पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हाईकोर्ट द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद पुलिस ने सनोज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले भी विवादों में रहे हैं सनोज मिश्रा
महाकुंभ 2025 के दौरान सनोज मिश्रा चर्चा में आए थे, जब उन्होंने वायरल गर्ल मोनालिसा को फिल्म ऑफर किया था। इससे पहले भी उन पर कई विवादित आरोप लगते रहे हैं।
उनके पूर्व साथी और फिल्म प्रोड्यूसर वसीम रिजवी ने भी सनोज पर कई आरोप लगाए हैं। रिजवी का कहना है कि सनोज ने मोनालिसा को अपने जाल में फंसा लिया था।
फिलहाल, सनोज मिश्रा पर लगे आरोपों की जांच जारी है, और उनकी गिरफ्तारी के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई है।